यूटीयू में बैक पेपर के आवेदन पर तकनीकी पेच
बीटेक, एमटेक, बीफार्मा छात्रों के लिए विशेष नियम, ऑनलाइन पोर्टल में तकनीकी दिक्कत से आवेदन अटके
देहरादून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतिम वर्ष के पासआउट छात्रों के बैक पेपर की परीक्षा को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। विश्वविद्यालय की ओर से स्पेशल बैक पेपर में सेमेस्टर परीक्षा के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि निर्धारित की गई है, लेकिन तकनीकी पेंच के चलते कई छात्र ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. एसके गोयल की ओर से संबंधित संस्थानों के प्राचार्यों एवं निदेशकों को पत्र भेजकर परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 15 सितंबर निर्धारित की गई है। हालांकि, छात्रों का कहना है कि यूटीयू के यूएमएस पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड नहीं हो पा रहे हैं, जिसके चलते आवेदन प्रक्रिया अधूरी रह जा रही है।
पोर्टल की तकनीकी खामी से छात्र परेशान, अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग
एक संस्थान के छात्र ने बताया कि पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते आवेदन अधूरा रह जा रहा है। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान करने और आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग की है।
विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुसार बीटेक, एमटेक, बीफार्मा, एमबीए तथा एमबीए इंटीग्रेटेड जैसे तकनीकी एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित नियमों के तहत परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पोर्टल के सुचारु रूप से संचालित न होने के कारण छात्रों को आवेदन करने में परेशानी हो रही है, जिस पर संबंधित स्तर पर समाधान की प्रक्रिया चल रही है। छात्रों को उम्मीद है कि अंतिम तिथि से पहले तकनीकी समस्या दूर कर आवेदन का अवसर दिया जाएगा।
