रायपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा, जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश
देहरादून। नगर निगम देहरादून द्वारा रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में किए गए एवं प्रगति पर चल रहे सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई सहित अन्य विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ब्रह्म निवास, अजबपुर कला, देहरादून में आयोजित की गई।
बैठक में रायपुर विधायक ने अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए कहा कि जनता को मूलभूत सुविधाएँ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किए जाएँ तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

विधायक ने कहा कि सड़क, नाली, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएँ नागरिकों के दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी हैं। इसलिए इन कार्यों में आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए और जिन क्षेत्रों में अभी भी आवश्यक कार्य शेष हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र स्वीकृत कर पूरा कराया जाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्रवासियों से निरंतर संवाद बनाए रखें तथा उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। विधायक ने विश्वास जताया कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वय से रायपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य और अधिक गति के साथ आगे बढ़ेंगे तथा नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
