विकास पुरुष स्वर्गीय नरेंद्र सिंह भंडारी को महेंद्र भट्ट ने दी श्रद्धांजलि
भट्ट ने कहा पर्वतीय विकास और जनसेवा के लिए समर्पित रहा पूर्व मंत्री का जीवन
देहरादून। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जनपद चमोली के विकास पुरुष तथा उत्तर प्रदेश सरकार में पर्वतीय विकास मंत्री रहे स्वर्गीय नरेंद्र सिंह भंडारी की पुण्यतिथि पर उन्हें शत-शत नमन करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय नरेंद्र सिंह भंडारी का जीवन पर्वतीय क्षेत्रों के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं को समझते हुए उनके विकास के लिए निरंतर प्रयास किए और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया।
उन्होंने कहा कि स्वर्गीय भंडारी जी का जन्म जनपद चमोली के पोखरी विकासखंड के जोरासी गांव में हुआ था। एक सामान्य पर्वतीय परिवेश से निकलकर उन्होंने सार्वजनिक जीवन में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया और उत्तर प्रदेश सरकार में पर्वतीय विकास मंत्री के रूप में पर्वतीय क्षेत्रों के विकास को अपनी प्राथमिकता बनाया।
भट्ट ने कहा कि स्वर्गीय नरेंद्र सिंह भंडारी का योगदान उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों के विकास और जनसेवा के क्षेत्र में सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को समाज और प्रदेश की सेवा के लिए प्रेरणा देता रहेगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पुण्यतिथि पर स्वर्गीय भंडारी जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प भी व्यक्त किया।
