October 22, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

धामी कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आज, अनुपूरक बजट समेत इन प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर

बैठक में आगामी विधानसभा सत्र में पेश होने वाले करीब 3000 करोड़ रुपए के अनुपूरक बजट पर मंजूरी मिल सकती है

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज यानी 22 अक्टूबर को मंत्रिमंडल की बैठक होने जा रही है. सचिवालय में दोपहर 3.30 बजे से शुरू होने वाली कैबिनेट बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. बैठक में आगामी विधानसभा सत्र में पेश होने वाले करीब 3000 करोड़ रुपए के अनुपूरक बजट पर मंजूरी मिल सकती है. इसके अलावा, परिवहन विभाग, शिक्षा विभाग खेल विभाग समेत तमाम महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है. विधानसभा सत्र के मद्देनजर सदन में पेश होने तमाम विभागों के महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है.

उत्तराखंड कैबिनेट की बैठक: आगामी 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में मानसून सत्र आहूत होने जा रहा है, जिस लिहाज से कैबिनेट बैठक काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. दरअसल, मंत्रिमंडल की बैठक में मानसून सत्र के दौरान पेश होने वाले करीब 3000 करोड़ रुपए के अनुपूरक बजट संबंधित प्रस्ताव पर मंजूरी मिलने की संभावना है. क्योंकि, सत्र के दौरान अनुपूरक बजट पेश होना है. इसके साथ ही तमाम विभागों से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी मुहर लग सकती है.

शिक्षक तबादला नीति पर लग सकती है मुहर: मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान, त्रिस्तरीय पंचायतों और नगर निकायों को राज्य से मिलने वाले अनुदान को लेकर छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट पर भी मुहर लगने की संभावना है. यही नहीं नियोजन विभाग की ओर से तमाम नीतियां भी तैयार की गई हैं, जिसमें ईवी पॉलिसी के साथ ही आलंबन गांव योजना, शिक्षकों के तबादले में पारदर्शिता लाने संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर मुहर लगने की संभावना है.

आउटसोर्स डॉक्टर की तैनात पर हो सकता है विचार: उत्तराखंड राज्य में स्पेशलिस्ट और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर की भारी कमी है. ऐसे में उत्तराखंड सरकार आउटसोर्स के जरिए डॉक्टरों की तैनाती करने पर भी विचार कर रही है. लिहाजा मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान स्पेशलिस्ट और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर की कमी को दूर करने के लिए इससे संबंधित स्वास्थ्य विभाग के प्रस्ताव पर मुहर लगा सकती है.

Share this post

More stories