रायपुर विधानसभा में विकास कार्यों को मिल रही नई गति, वार्ड-63 में सामुदायिक भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण
फ्रेंड्स कॉलोनी, तपोवन रोड में विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने किया लोकार्पण, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बेहतर सामुदायिक एवं बाल विकास सुविधाएं
देहरादून। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड संख्या 63 स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी, तपोवन रोड में आज सामुदायिक भवन एवं आंगनबाड़ी केंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में रायपुर विधायक श्री उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने विधिवत लोकार्पण कर इन सुविधाओं को क्षेत्रवासियों को समर्पित किया।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास, जनसुविधाओं का विस्तार तथा आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

सामुदायिक भवन के निर्माण से स्थानीय लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामूहिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा, वहीं आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से बच्चों, महिलाओं एवं माताओं को बाल विकास और पोषण संबंधी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में रायपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। उनका प्रयास है कि विधानसभा के प्रत्येक वार्ड तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप कार्य धरातल पर दिखाई दें।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
