August 3, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

समाज सेवा और जनसहभागिता को नई दिशा देगा भाजपा का एनजीओ समन्वय अभियान: महेन्द्र भट्ट

देहरादून।राज्य सभा सांसद तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने आज भाजपा के एनजीओ समन्वय एवं विकास सम्मेलन के अंतर्गत आयोजित जिला संयोजकों एवं सह संयोजकों की महत्वपूर्ण बैठक में सहभागिता करते हुए संगठन की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।

उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत स्वयंसेवी संगठनों के साथ मजबूत समन्वय स्थापित कर सेवा, सुशासन और जनकल्याण के कार्यों को नई गति प्रदान करना भाजपा का प्रमुख उद्देश्य है।
बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सामाजिक योगदान देने वाले अनेक एनजीओ संचालकों एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महेन्द्र भट्ट ने कहा कि सेवा ही भारतीय जनता पार्टी की कार्यसंस्कृति का मूल आधार है और एनजीओ समाज की आवश्यकताओं को समझते हुए जनहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में संगठन और स्वयंसेवी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।


उन्होंने सभी जिला संयोजकों एवं सह संयोजकों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में एनजीओ प्रकोष्ठ को और अधिक सक्रिय, संगठित एवं परिणामोन्मुख बनाया जाए, ताकि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, स्वच्छता, आपदा राहत एवं सामाजिक उत्थान जैसे क्षेत्रों में कार्यरत संस्थाओं के साथ निरंतर संवाद और सहयोग स्थापित हो सके।


महेन्द्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में सेवा और विकास के अनेक कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इन योजनाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने में स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती, सेवा कार्यों के विस्तार, सामाजिक सहभागिता बढ़ाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत मंथन किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यों को जनआंदोलन का स्वरूप देने और समाज के प्रत्येक वर्ग तक भाजपा की सेवा भावना को पहुंचाने का संकल्प लिया।