मसूरी टैक्सी कार एसो. के कार्यालय पर हमला, रजिस्टर फाड़े, सीसीटीवी तोड़े, पदाधिकारियों ने लगाया जाम
20-25 लोगों द्वारा धारदार हथियार व लाठी-डंडों से हमले का आरोप, अध्यक्ष बोले- आरोपियों की गिरफ्तारी और डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई हो
मसूरी: शहर में बुधवार देर शाम मसूरी टैक्सी-कार ऑनर्स एसोसिएशन के कार्यालय पर कथित हमले के बाद माहौल गरमा गया. एसोसिएशन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि 20 से 25 लोग कार्यालय पहुंचे और अचानक हमला कर दिया. इस दौरान महत्वपूर्ण रजिस्टर फाड़ने, सीसीटीवी कैमरे तोड़ने और कार्यालय से नकदी चोरी करने का आरोप लगाया गया है.
मसूरी में टैक्सी कार आनर्स एसोसिएशन के कार्यालय पर हमला: हमलावरों के हाथों में धारदार हथियार और लाठी-डंडे होने की बात भी सामने आई है. घटना से आक्रोशित टैक्सी कारोबारियों ने मैसोनिक लॉज क्षेत्र में जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए. मौके पर पहुंची पुलिस देर रात तक लोगों को समझाने और स्थिति सामान्य करने का प्रयास करती रही.
सुबह हुआ था विरोध, शाम को कार्यालय पर हमले का आरोप: मसूरी टैक्सी-कार ऑनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विजेंद्र पंवार और महासचिव राकेश कोठाल ने बताया कि एसोसिएशन का एक सदस्य कथित तौर पर अनधिकृत रूप से होटलों से सवारियां उठाने का काम कर रहा था. बुधवार सुबह इसको लेकर विरोध किया गया था. पदाधिकारियों का आरोप है कि इसी विवाद के बाद शाम को संबंधित व्यक्ति अपने करीब 20 से 25 साथियों के साथ एसोसिएशन कार्यालय पहुंचा और हमला कर दिया.
पदाधिकारियों के अनुसार, हमले के दौरान कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण रजिस्टर फाड़ दिए गए. सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए गए और नकदी भी गायब होने का आरोप है. उन्होंने कहा कि कार्यालय में इस तरह की घटना से कारोबारियों में भय और आक्रोश है. हालांकि, घटना के संबंध में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
डग्गामार वाहनों के संचालन पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी: एसोसिएशन अध्यक्ष विजेंद्र पंवार और महासचिव राकेश कोठाल ने आरोप लगाया कि मसूरी में कथित तौर पर डग्गामार टैक्सी-कारों और स्कूटी के संचालन को लेकर कई बार स्थानीय प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग से शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. उनका कहना है कि अनधिकृत रूप से सवारियां उठाने से नियमों के तहत कारोबार करने वाले टैक्सी संचालकों के सामने परेशानी खड़ी हो रही है. उन्होंने कहा कि एसोसिएशन नियमों के अनुसार संचालित होती है और इसका उद्देश्य सभी सदस्यों को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराना है. कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए संगठन की व्यवस्था को प्रभावित करना चाहते हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
गिरफ्तारी और कार्रवाई की मांग पर अड़े कारोबारी: घटना के बाद आक्रोशित टैक्सी कारोबारियों ने मैसोनिक लॉज क्षेत्र में जाम लगा दिया. उन्होंने मांग की कि कार्यालय पर हमले के आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की जाए. साथ ही मसूरी में कथित डग्गामार वाहनों और अनधिकृत रूप से सवारियां उठाने वाले टैक्सी-स्कूटी संचालकों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जाए. पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी और अनधिकृत वाहन संचालन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, तब तक जाम नहीं खोला जाएगा. पुलिस अधिकारी प्रदर्शनकारियों को समझाने में जुटे रहे, आखिरकार देर रात जाम खोल दिया गया.
जाम से पर्यटक और स्थानीय लोग परेशान: मैसोनिक लॉज क्षेत्र में जाम लगने से यातायात प्रभावित हुआ. देहरादून से मसूरी आने वाले लोगों और अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा. मसूरी में सड़क जाम से वाहनों के फंसने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई. एक ओर टैक्सी कारोबारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे, वहीं दूसरी ओर पुलिस के सामने यातायात सामान्य कराने और स्थिति को नियंत्रित करने की चुनौती बनी रही.
पुलिस की कार्रवाई पर टिकी नजरें: घटना के बाद अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं. एसोसिएशन पदाधिकारियों ने कार्यालय में तोड़फोड़, रजिस्टर फाड़ने, सीसीटीवी कैमरे क्षतिग्रस्त करने और नकदी चोरी होने के आरोपों पर कार्रवाई की मांग की है. साथ ही उन्होंने टैक्सी कारोबार से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की मांग उठाई है. पुलिस की ओर से आरोपों की पुष्टि और मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद ही घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी.
