November 28, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

CM धामी की अध्यक्षता में आज होगी मंत्रिमंडल की अहम बैठक, कई बड़े प्रस्तावों को मिल सकती है मंजूरी

सीएम पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में उत्तराखंड मंत्रिमंडल की अहम बैठक में प्रदर्शनकारी कर्मचारियों की मांगों पर मुहर लग सकती है.

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज यानी 27 नवंबर को मंत्रिमंडल की बैठक होने जा रही है. ये बैठक आगामी चुनाव के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. क्योंकि, सरकार के 5 साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जारी होने के साथ ही संगठन और सरकार चुनावी मोड में आ गई है. लिहाजा मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान तमाम महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है. ताकि लोगों की मांगों को पूरा करते हुए आगामी चुनाव से पहले उन्हें बड़ी सौगात दी जा सके.

उत्तराखंड राज्य में चुनाव नजदीक आते ही धरना प्रदर्शन की तादाद अचानक बढ़ जाती है, क्योंकि चुनावी वर्ष ही वो समय होता है जब प्रदर्शनकारियों की मांगों पर तेजी से अमल होता है. ऐसे में प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, पीआरडी जवानों, अतिथि शिक्षकों, सफाई कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया है और कुछ कर भी रहे हैं. जबकि आगामी चुनाव में इन सभी लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है ऐसे में संभावना बताई जा रही है कि मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान उनकी मांगों संबंधित प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है.

मुख्य रूप से इस बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने, गेस्ट फैकेल्टी का मानदेय बढ़ाने के साथ ही पीआरडी जवानों और सफाई कर्मचारियों की मांगों पर मुहर लगा सकती है. इसके अलावा तमाम विभागों से संबंधित प्रस्ताव पर मुहर लगने की संभावना है. इसके अलावा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से किए गए तमाम घोषणाओं से संबंधित प्रस्ताव पर भी मुहर लगा सकती है. जिसके पीछे की मुख्य वजह यही है कि आगामी चुनाव से पहले धामी सरकार की घोषणाओं को शत प्रतिशत पूरा किया जा सके.

राज्य सरकार ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी करीब 5 लाख महिलाओं को बैणी-भुली योजना के तहत प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय लिया है. लेकिन अभी तक इसकी राशि नहीं की गई है, जबकि दिसंबर महीने में ही इस योजना के तहत पहली किस्त जारी की जानी है. ऐसे में मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान इस योजना के तहत कितनी प्रोत्साहन राशि और पहली किस्त कब दी जाएगी, इस पर निर्णय होने की संभावना है. यही नहीं, किसानों एवं लोगों के बिजली बिलों के विलंबित भुगतान पर लगने वाला सरचार्ज को माफ करने पर भी निर्णय हो सकता है.

Share this post

More stories