October 26, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

मौत का हाईवे बना हल्द्वानी-लालकुआं मार्ग, 3 दिन में 5 घरों के बुझे चिराग, उठे कई सवाल

हल्द्वानी-लालकुआं हाईवे पर आए दिन सड़क हादसों में लोग जान गंवा रहे हैं. इसके बाद भी पुलिस प्रशासन एक्शन नहीं ले रहा है.

हल्द्वानी: हल्द्वानी से लालकुआं तक सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है. तीन दिन पहले तीनपानी ओवरब्रिज पर कार डिवाइडर से टकराने के बाद तीन किशोरों की जान चली गई थी, जबकि एक किशोरी गंभीर रूप से जख्मी हुई थी. अब लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में स्कूटी और कैंटर की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई. लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने वाहन चालकों की सतर्कता, ओवरटेकिंग और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

तेज रफ्तार और जरा-सी चूक, जिंदगी पर भारी पड़ रही है. हल्द्वानी से लालकुआं के बीच तीन दिनों के भीतर हुए दो हादसों में पांच लोगों की मौत हो चुकी है. इन घटनाओं ने सड़क पर सफर करने वालों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी है. सबसे पहले हल्द्वानी के तीनपानी ओवरब्रिज पर दर्दनाक दुर्घटना सामने आई थी. यहां ओवरटेक करने के दौरान कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी डिवाइडर से जा टकराई. उसमें चार नाबालिग सवार थे.

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन किशोरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चौथी किशोरी गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाई गई. इस घटना ने कम उम्र में वाहन चलाने और सड़क पर जोखिम उठाने के खतरों को उजागर किया. अभी इस हादसे की चर्चा थमी भी नहीं थी कि लालकुआं क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर एक और जानलेवा टक्कर हो गई. लालकुआं कोतवाली से महज लगभग 4 किलोमीटर दूर देर रात स्कूटी और कैंटर आमने-सामने आ गए. दुर्घटना में चेतन बिष्ट, उम्र 21 वर्ष, निवासी पश्चिमी दौलतपुर, काठगोदाम और दीक्षित बिष्ट, उम्र 24 वर्ष, निवासी भवाली गंभीर रूप से घायल हो गए.

लालकुंआ के सुभाष नगर क्षेत्र में एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हुई, जो दुखद घटना है. पुलिस प्रशासन और एनएच के अधिकारियों को मिल कर इसकी रूपरेखा तैयार करनी चाहिए, ताकि हादसों में लगाम लग सके. हालांकि केंद्र सरकार ने लालकुंआ बाईपास के निर्माण की मंजूरी दे दी है, जिससे हैवी ट्रैफिक बाईपास रोड में डायवर्ड हो जाएगा और हादसों में लगाम लगेगी.
-सुरेंद्र लौटनी, नगर पंचायत अध्यक्ष-

दोनों को उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया.जहां पर डॉक्टरों की टीम ने दोनों घायलों को मृत घोषित कर दिया. घटना की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

Share this post