25 वर्षों की राष्ट्रसेवा को नमन, विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
‘सेवा ज्योति यात्रा’ में उमड़ा राष्ट्रभक्ति का ज्वार, विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने राम माधव के साथ किया सहभागिता
देहरादून। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में देहरादून में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के अंतर्गत निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’ ने राष्ट्रसेवा और विकसित भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान की। यात्रा में रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी श्री राम माधव के साथ सहभागिता की।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा, जनकल्याण, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के समर्पित सफर को नमन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन देश की सेवा और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। सेवा ज्योति यात्रा के माध्यम से प्रधानमंत्री के राष्ट्रसेवा के संकल्प, जनकल्याणकारी कार्यों और विकसित भारत के विजन को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

विधायक ‘काऊ’ ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करने को प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने तथा जनसेवा के माध्यम से विकास की यात्रा को गति देने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा ही भाजपा कार्यकर्ता की पहचान है।
