कुमाऊं में विद्युत व्यवस्था की मैराथन समीक्षा, एमडी पी.सी. ध्यानी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
दीपावली से पहले विद्युत तंत्र के मेंटेनेंस में तेजी, स्मार्ट मीटर को लेकर भ्रांतियां दूर कीं
हल्द्वानी/काशीपुर। यूपीसीएल एवं पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) के प्रबन्ध निदेशक पी.सी. ध्यानी ने कुमाऊं क्षेत्र के व्यापक दौरे के दौरान काशीपुर, हल्द्वानी एवं खटीमा में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, राजस्व वसूली, टीएंडडी लॉसेस, विद्युत चोरी की रोकथाम तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के साथ निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत काशीपुर से हुई, जहां श्री ध्यानी ने अधिकारियों के साथ राजस्व वसूली, टीएंडडी लॉसेस, विद्युत चोरी की रोकथाम और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा लाइन लॉस को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कम करने के लिए फील्ड स्तर पर सतत निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। विभागीय कार्यों में अनावश्यक विलंब पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
काशीपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान प्रबन्ध निदेशक ने स्मार्ट मीटर को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं और भ्रांतियों पर स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ता मोबाइल फोन पर अपनी विद्युत खपत और रीडिंग की निगरानी कर सकते हैं तथा खपत के अनुरूप विद्युत उपयोग को नियंत्रित कर बचत कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने पर उपभोक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की बात भ्रामक है। उत्तराखंड में अब तक स्मार्ट मीटर नहीं लगवाने को लेकर किसी उपभोक्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
काशीपुर के बाद श्री ध्यानी शुक्रवार देर रात हल्द्वानी पहुंचे। यहां उन्होंने नैनीताल एवं रामनगर खंडों की विद्युत व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा बैठक देर रात करीब 1:30 बजे तक चली। इसके बाद शनिवार को हल्द्वानी में रानीखेत, अल्मोड़ा, बागेश्वर एवं हल्द्वानी मंडलों की मैराथन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कुमाऊं क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, लाइन लॉस में कमी, राजस्व संग्रहण, विद्युत चोरी की रोकथाम, उपभोक्ता सेवाओं तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए श्री ध्यानी ने लाइन एवं विद्युत तंत्र का आवश्यक मेंटेनेंस समय से पूरा करने, खराब पोलों को प्राथमिकता के आधार पर बदलने तथा करंट लीकेज जैसी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए सभी तैयारियां पहले से पूरी की जाएं। साथ ही मेंटेनेंस कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपभोक्ता सेवाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने सही एवं समय पर बिल उपलब्ध कराने, नए विद्युत कनेक्शन शीघ्र जारी करने तथा आरडीएसएस के अंतर्गत स्मार्ट मीटर स्थापना में तेजी लाने को कहा। उन्होंने फील्ड स्तर पर उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान और सेवा वितरण में जवाबदेही बढ़ाने पर भी जोर दिया।
विद्युत ढांचे के सुदृढ़ीकरण एवं भविष्य की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए श्री ध्यानी ने बताया कि नए विद्युत संयंत्रों और आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) से लगभग ₹9,000 करोड़ की वित्तीय सहायता प्राप्त करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि समीक्षा बैठकों का उद्देश्य केवल प्रगति की जानकारी लेना नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम सुनिश्चित करना है। अधिकारियों की उपस्थिति, कार्य के प्रति गंभीरता और समयबद्ध निष्पादन को लेकर भी उन्होंने कड़े निर्देश दिए।
दौरे के अंतिम चरण में पी.सी. ध्यानी ने खटीमा में आयोजित उत्तराखंड आदि रंगोत्सव महोत्सव-2026 के दौरान मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का भ्रमण एवं निरीक्षण किया तथा आयोजन स्थल पर विद्युत व्यवस्था का जायजा लिया।
