दून विवि में 100 फीट ऊंचे स्तंभ पर लहराया तिरंगा
मानव मूल्यों और संस्कृति की समझ से ही विकसित होता है जिम्मेदार नागरिक : भगत सिंह कोश्यारी
देहरादून। दून विश्वविद्यालय परिसर में राष्ट्रभावना और विद्यार्थियों में मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत 100 फीट ऊंचे स्तंभ पर विशाल राष्ट्रध्वज स्थापित किया गया। विश्वविद्यालय छात्र परिषद और भारतीय स्टेट बैंक के संयुक्त प्रयास से आयोजित कार्यक्रम में पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि विद्यार्थियों में मानव मूल्यों, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सही समझ जन-जन के लिए आवश्यक है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा देश के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

शिक्षकों की भूमिका भी अहम
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में शिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों की समझ भी दी जानी चाहिए।

इस अवसर पर छात्र संघ अध्यक्ष अंशुमान नौटियाल एवं पूर्व अध्यक्ष अभिषेक थपलियाल ने भी अपने विचार रखे और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एसी पुरोहित ने किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव दुर्गेश मिश्रा, प्रो. राजेश कुमार, प्रो. गजेन्द्र सिंह, प्रो. सुनीत नैथानी, प्रो. चेतना पोखरियाल, प्रो. सुरेंद्र सुधा सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
