September 23, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

Gen-Z को गुमराह करने की कोशिश कर रहे विपक्षी दल: भाजपा सांसद नरेश बंसल

भाजपा सांसद नरेश बंसल से ईटीवी भारत की वारिष्ठ संवाददाता अनामिका रत्ना ने विभिन्न मुद्दों पर बातचीत की.

नई दिल्ली: भाजपा नेता और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने समाजवादी पार्टी के ‘Gen-Z कनेक्ट’ और ‘युवा जोड़ो, बूथ मजबूत करो’ अभियान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि युवाओं से संवाद जरूरी है, लेकिन विपक्षी दल अपने पुराने रिकॉर्ड को छुपाकर नई पीढ़ी को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं.

ईटीवी भारत से बात करते हुए बंसल ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य Gen-Z को 2047 तक विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है. युवा सक्षम बनें और सेवा से संकल्प लेकर राष्ट्र निर्माण में भाग लें. उनके अनुसार युवाओं को जोड़ना सभी दलों का काम है, लेकिन केवल नए नारे चलाने से काम नहीं चलेगा.

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव पर बोलते हुए भाजपा सांसद नरेश बंसल ने कहा कि भाजपा संगठन स्तर पर तैयार हैं. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन, जलविद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य और पलायन रोकने के प्रयासों पर सरकार ने काफी काम किया है और उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी.

उन्होंने कहा कि यूपी में विकास, कानून-व्यवस्था और सुशासन प्रमुख मुद्दे रहने की संभावना है.

वहीं, पंजाब में प्रमुख दल अपने दावों के साथ मैदान में हैं. एक पक्ष अपने शासनकाल के कामकाज के साथ चुनाव लड़ रहा है, जबकि भाजपा संगठन और विकास के मुद्दों पर जोर दे रही है.

राज्यसभा की 12 सीटों के लिए चुनाव होने हैं, जिसका नोटिफिकेशन मंगलवार को जारी किया गया है जिसमें एक सीट नरेश बंसल की भी है. इसपर सवाल पूछे जाने पर बंसल ने कहा कि जिम्मेदारी संगठन तय करता है, व्यक्ति नहीं.

बिहार और दिल्ली की कानून-व्यवस्था और घटनाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अगर तुलना की जाए तो बिहार में गंभीर अपराधों में कमी आई है और नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या घटकर शून्य हो गई है. उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में कानून-व्यवस्था सर्वोपरि है मगर राजनीतिक स्वार्थ से माहौल खराब नहीं करना चाहिए.

नरेश बंसल ने कहा कि जनता विकास, सुशासन और सुरक्षा के आधार पर फैसला करेगी. 2027 के विधानसभा चुनाव इन्हीं मुद्दों पर लड़े जाएंगे.

Share this post