September 20, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा लक्ष्मी नारायण मंदिर,गीता धामी,विधायक काऊ ने की पूजा-अर्चना

भगवान गणेश से प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना
देहरादून। रायपुर स्थित ऐतिहासिक लक्ष्मी नारायण मंदिर में श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने श्रद्धापूर्वक सहभागिता की।

उन्होंने भगवान श्री गणेश जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर विघ्नहर्ता गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समस्त प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि भगवान श्री गणेश विघ्नों का नाश करने वाले और शुभता के प्रतीक हैं। गणेश चतुर्थी हमें श्रद्धा के साथ-साथ सेवा, सद्भाव, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश देती है। उन्होंने भगवान गणेश से रायपुर विधानसभा सहित पूरे उत्तराखंड में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।


उन्होंने कहा कि “जब गणपति बप्पा का आशीर्वाद साथ हो, तो हर विघ्न दूर होता है और हर शुभ संकल्प को नई शक्ति मिलती है।”
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धर्मपत्नी श्रीमती गीता धामी, देहरादून महानगर के महापौर सौरभ थपलियाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर परिसर में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

Share this post