शिव गंगा एनक्लेव में नव-निर्मित मंदिर का भव्य उद्घाटन, विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने की पूजा-अर्चना
देहरादून। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के डांडा लखौंड स्थित शिव गंगा एनक्लेव में आज नव-निर्मित मंदिर के उद्घाटन एवं देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा का पावन कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने बतौर अतिथि सम्मिलित होकर विधिवत पूजा-अर्चना की और देवी-देवताओं के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच देवी-देवताओं की मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न हुई। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली।
विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं होते, बल्कि वे समाज में आध्यात्मिक चेतना, संस्कार, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करने के महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि शिव गंगा एनक्लेव में नव-निर्मित यह मंदिर क्षेत्रवासियों के लिए आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बनेगा। मंदिर में होने वाले धार्मिक आयोजनों से नई पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।

विधायक ने मंदिर निर्माण एवं प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम से जुड़े सभी श्रद्धालुओं और आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से निर्मित यह पावन धाम क्षेत्र में सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूत करेगा।

रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि यह पावन मंदिर क्षेत्रवासियों के लिए आस्था, आध्यात्मिक ऊर्जा एवं संस्कारों का केंद्र बने तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए।

कार्यक्रम में पार्षद अभिषेक पंत,अनेक पार्टी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
