October 11, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

सीएम धामी ने चंपावत में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का लोकार्पण किया,स्वास्थ्य सेवाओं को मिली नई मजबूती

जिला चिकित्सालय चंपावत में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का गुरुवार को लोकार्पण किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि चंपावत को आदर्श जिला बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए राज्य सरकार निरंतर योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है और स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनकी कर्मभूमि है। जिले में पहली बार ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर एवं आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर समय पर उपलब्ध हो सकेंगे। इससे मरीजों को उपचार के लिए अन्य जिलों पर निर्भरता भी कम होगी।
उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर ब्लॉक तैयार किया गया है। इसके अलावा सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। करीब 11.71 करोड़ रुपये की लागत से लोअर ग्राउंड फ्लोर पर पार्किंग तथा प्रथम एवं द्वितीय तल पर डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण कार्य भी जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। चंपावत को आदर्श जिला बनाने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। जिले में 66 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक सिटी ड्रेनेज सिस्टम, भूमिगत विद्युत लाइनों तथा 240 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि चंपावत रोडवेज स्टेशन में 62 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से आधुनिक बहुमंजिला पार्किंग एवं शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू होने वाला है। मां पूर्णागिरि धाम, रीठा साहिब और पर्यटन आवास गृह में भी पार्किंग सुविधाओं का विकास किया गया है। इसके साथ ही साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और आधुनिक आईएसबीटी जैसी परियोजनाएं जिले के विकास को नई दिशा देंगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि चंपावत को विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में उत्तराखंड का आदर्श मॉडल बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जिले के प्रत्येक गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चंपावत के विकास का कोई भी सपना अधूरा नहीं रहने दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट की स्थापना से गंभीर एवं आपातकालीन मरीजों को आवश्यक रक्त घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगे, जिससे उन्हें समय पर उपचार मिल सकेगा।
कार्यक्रम में सचिव स्वास्थ्य विनय शंकर पाण्डेय, दायित्वधारी सुभाष बगौली, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश चन्द्र तिवारी, भाजपा नेता सतीश पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष आनन्द सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविन्द सामन्त, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, नगर पालिका लोहाघाट अध्यक्ष गोविन्द वर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this post