प्रधानमंत्री ने विश्व मंच पर बढ़ाया उत्तराखंड की लोक संस्कृति का मान: महेन्द्र भट्ट
राज्यसभा सांसद एवं उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक मंच पर सम्मान दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन को पारंपरिक उत्तराखंडी टोपी तथा इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो को ऐपण कला में निर्मित भगवान शिव की कलाकृति भेंट किया जाना प्रत्येक उत्तराखंडवासी के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

महेन्द्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय कला और पारंपरिक शिल्प को विश्वभर में नई पहचान और प्रतिष्ठा मिल रही है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की सांस्कृतिक धरोहर को मिला यह सम्मान प्रदेश के कलाकारों, शिल्पकारों और अपनी परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी संजोने वाले सभी लोगों के समर्पण का भी गौरवपूर्ण सम्मान है।

उन्होंने कहा कि यह पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान आज विश्व मंच पर अपनी विशिष्ट छाप छोड़ रही है। प्रधानमंत्री के प्रयासों से उत्तराखंड की लोककला और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिल रही है।
