July 1, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

4 जुलाई से फिर शुरू होगा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में 4 जुलाई से एक बार फिर ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान शुरू किया जा रहा है। 15 दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत प्रदेशभर में जिला, ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। इसके तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी शिकायतें सुनेंगे और उनका त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करेंगे।

शिविरों में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनशिकायतों का संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए, ताकि आमजन को सुशासन का वास्तविक लाभ मिल सके।

राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो तथा प्रत्येक नागरिक तक सरकार की सेवाएं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचे।