June 30, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता पर सख्त दिखे विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, वार्ड 61 और 62 की बैठकों में लगाई जमकर क्लास

देहरादून। अपनी सक्रिय कार्यशैली और जनता के प्रति समर्पित छवि के लिए पहचाने जाने वाले रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से लगातार बैठकों का सिलसिला जारी रखा।
रायपुर विधायक उमेश शर्मा’काऊ का आज का दिन भी अक्सर अन्य दिनों की तरह ही व्यस्त कार्यक्रमों में शुमार रहा।
सुबह ब्रह्म निवास,अजबपुर में नगर निगम के विभिन्न वार्डों के विकास से संबंधित बैठक ली,फिर जनता दरबार,उसके बाद जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत रायपुर विकास खंड के अन्तर्गत ग्राम पंचायत खैरी मानसिंह स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र में वृहद सहकारिता चौपाल में पूरे कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहे।


रायपुर विधायक यहीं नहीं रूके उन्होंने शाम के समय वार्ड संख्या 62 और वार्ड संख्या 61 में बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण मैराथन बैठकें कीं।
वार्ड संख्या 62 की बैठक नानूरखेड़ा स्थित सुमित पुण्डीर के कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में बूथ अध्यक्ष, बीएलए-2, शक्ति केंद्र संयोजक, पार्षदगण, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल महामंत्री उपस्थित रहे। वहीं वार्ड संख्या 61 की बैठक सहस्त्रधारा क्रॉसिंग स्थित प्रशांत डोभाल के कार्यालय पर आयोजित की गई, जिसमें संबंधित वार्ड के बूथ अध्यक्ष, बीएलए-2, शक्ति केंद्र संयोजक, पार्षदगण, मंडल अध्यक्ष एवं मंडल महामंत्री शामिल हुए।


दोनों बैठकों में विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने संगठन की कार्यप्रणाली, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान और आगामी कार्यक्रमों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं की निष्क्रियता और लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट कहा कि संगठन में सक्रियता और जनता के बीच निरंतर उपस्थिति ही कार्यकर्ता की पहचान है।
विधायक ने सभी पदाधिकारियों को प्रत्येक बूथ पर नियमित संपर्क, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा संगठन द्वारा सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता जनता और संगठन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी है तथा उसकी सक्रिय भूमिका से ही संगठन और सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेगा।

बैठक के अंत में विधायक ने सभी पदाधिकारियों से पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत बनाने तथा जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।