विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने किया एड्रॉइट गेम्स-2026 का शुभारम्भ, नई खेल सुविधाओं का किया लोकार्पण
रायपुर विधानसभा में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने पर जोर, बोले विधायक—खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम
देहरादून। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ आज सहस्त्रधारा रोड स्थित चक डांडा लखौण्ड में एड्रॉइट नव्य स्कूल परिसर में आयोजित एड्रॉइट गेम्स-2026 के भव्य शुभारम्भ एवं नवनिर्मित खेल सुविधाओं के लोकार्पण समारोह में सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर उन्होंने नई खेल सुविधाओं का लोकार्पण करते हुए विद्यार्थियों एवं युवा खिलाड़ियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से बच्चों और युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और चुनौतियों का सामना करने का जज्बा विकसित होता है। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों को भी समान महत्व दिया जाना आवश्यक है। क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार की पहल सराहनीय है।

इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा खेल के क्षेत्र में भविष्य बनाने के नए अवसर मिलेंगे।

विधायक ने विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल सुविधाओं का विस्तार युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा देने के साथ ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में भी सहायक होगा।

इस अवसर पर उन्होंने आयोजन से जुड़े विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
