November 21, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

शांतिकुंज में दो दिवसीय जन्मशताब्दी समारोह, संघ प्रमुख करेंगे शिरकत, आज होगा आगाज

Mohan Bhagwat Haridwar visit: संघ प्रमुख मोहन भागवत आज हरिद्वार आएंगे. वे शांतिकुंज में दो दिवसीय जन्मशताब्दी समारोह में हिस्सा लेंगे.

हरिद्वार: अखिल विश्व गायत्री परिवार की संस्थापिका माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी और अखंड दीप प्रज्वलन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शांतिकुंज और देव संस्कृति विश्वविद्यालय परिसर में दो दिवसीय शताब्दी समारोह का आयोजन होने जा रहा है. 21 और 22 नवंबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे. समारोह में देशभर के विभिन्न राज्यों से करीब 24 हजार साधक और गायत्री परिवार के कार्यकर्ता शामिल होंगे.

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव समेत कई प्रमुख हस्तियां शामिल होंगी. यह जानकारी देव संस्कृति विश्वविद्यालय के उपाध्यक्ष डॉ. चिन्मय पंड्या ने दी. डॉ. चिन्मय पंड्या ने बताया यह आयोजन माता भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी वर्ष के दूसरे चरण के तहत किया जा रहा है. इससे पहले जन्मशताब्दी समारोह का आयोजन दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में किया गया. जिसमें 20 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया.उस समारोह में माता भगवती देवी शर्मा की स्मृति में डाक टिकट का अनावरण भी किया गया.

आज यानि 21 नवंबर को समारोह के प्रथम सत्र में उत्तराखंड सरकार की ओर से डाक टिकट जारी किया जाएगा. इसमें संघ प्रमुख मोहन भागवत शामिल होंगे. इसके बाद शाम को 24 हजार दीप जलाकर विशेष दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होगा. इसमें उत्तराखंड के राज्यपाल ढाल सिंह बिसेन शामिल होंगे. समारोह के दौरान साधना, आध्यात्मिक चिंतन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. 22 नवंबर को देव संस्कृति और सनातन संस्कृति विषय पर विशेष चर्चा होगी. इसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल होंगे. चर्चा के दौरान भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और वर्तमान समय में उनके महत्व पर विचार विमर्श किया जाएगा. विदाई सत्र में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे.

डॉ. चिन्मय पंड्या ने बताया देश और विदेश से 24 हजार से अधिक गायत्री परिवार केंद्रों से जुड़े प्रतिनिधि और कार्यकर्ता समारोह में भाग लेंगे. जन्मशताब्दी समारोह का उद्देश्य केवल महापुरुषों और माताजी के जीवन का स्मरण करना नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को सामाजिक और राष्ट्रीय जीवन में उतारना है.

Share this post

More stories