November 18, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ वायरल करने पर मुकदमा दर्ज, देहरादून पुलिस करेगी कार्रवाई

देहरादून पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज किया है

देहरादून: भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक और झूठे तथ्यों के साथ प्रसारित करने के मामले में थाना राजपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की शिकायत पर थाना राजपुर में अज्ञात सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.

कंगना रनौत के पुराने वीडियो को भ्रामक कैप्शन के साथ प्रसारित करने का आरोप: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा ने थाना राजपुर में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में कहा गया है कि सांसद कंगना रनौत का राजस्थान के जोधपुर स्थित गणेश मंदिर, श्री चामुंडा मंदिर और गजानन महाराज मंदिर में पूजा-अर्चना करने का पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर अलग-अलग कैप्शन, पोस्ट और रील के माध्यम से प्रसारित किया जा रहा है.

बीजेपी नेता नेहा शर्मा ने देहरादून में दर्ज कराया मुकदमा: आरोप है कि वीडियो के साथ 29 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए करवा चौथ का व्रत रखने जैसी भ्रामक बातें जोड़कर प्रचारित की जा रही हैं. पीड़िता का आरोप है कि इस तरह की पोस्ट से सांसद की गरिमा और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ महिलाओं के सम्मान और धार्मिक भावनाओं को भी आहत किया जा रहा है.

डालनवाला प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई जांच: थाना राजपुर प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया है कि-

भाजपा महिला मोर्चा उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा की शिकायत के आधार पर थाना राजपुर में मुकदमा अपराध संख्या 275/26 दर्ज किया है. इसमें आईटी एक्ट की धारा 66(C), 66(D) और बीएनएस की अलग-अलग धाराएं शामिल हैं. साथ ही मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर विवेचना डालनवाला के प्रभारी निरीक्षक को सौंपी गई है.
-पीडी भट्ट, थाना प्रभारी, राजपुर-

पुलिस कर रही है संबंधित लोगों की पहचान: पुलिस सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने वाली अज्ञात आईडी की जानकारी जुटा रही है. पुलिस का कहना है कि संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Share this post