November 12, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरा वाहन, तीन लोगों की मौत

उत्तराखंड में बीती रात त्यौहारों की खुशियां मातम में बदल गई. अल्मोड़ा जिले में सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई.

देहरादून: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है. धौलछीना थाना क्षेत्र के हरड़ा इलाके में एक वाहन गहरी खाई में गिर गया. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हादसा रात में हुआ था, लेकिन स्थानीय लोगों की हादसे की खबर सुबह मिली. इसके बाद उन्होने ही स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी थी.

स्थानीय लोगों को ही सुबह सबसे पहले घटना की जानकारी मिली: हादसे की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही SDRF (State Disaster Response Fund) को भी सूचना दी गई. जानकारी मिलते ही SDRF पोस्ट सरियापानी से उप निरीक्षक पंकज डंगवाल के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची.

हादसे में तीन लोगों की मौत: इसके बाद टीम ने स्थानीय पुलिस व स्थानीय लोगों के साथ समन्वय स्थापित कर बचाव कार्य शुरू किया. टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन से तीनों व्यक्तियों के शव बरामद किए. इसके बाद शवों को अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया.

हादसे में मरने वालों की जानकारी

  • हयात सिंह (36 वर्ष) पुत्र शेर सिंह निवासी ग्राम न्योली तहसील व जिला अल्मोड़ा.
  • बसंती देवी (40 वर्ष) पत्नी हिम्मत सिंह निवासी ग्राम हरड़ा तहसील व जिला अल्मोड़ा.
  • बीना देवी (19 वर्ष) पुत्री हिम्मत सिंह निवासी जिला अल्मोड़ा.

नैनीताल जिले के कैंची धाम के पास भी बीती रात भीषण सड़क हादसा हुआ था. बताया जा रहा है कि यहां भी स्विफ्ट डिजायर कार बेकाबू होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई थी. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है. वहीं चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

Share this post

More stories