समाजसेवा और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहा स्वर्गीय स्नेहपाल सिंह का संपूर्ण जीवन — भगत सिंह कोश्यारी
पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल ने प्रथम पुण्यतिथि पर बाबू जी को अर्पित की भावभीनी श्रद्धांजलि, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को किया याद
रुद्रपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने भँजूराम इंटर कॉलेज, रुद्रपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक, एकल अभियान उत्तराखंड के मार्गदर्शक एवं विश्व हिंदू परिषद के पूर्व केंद्रीय सह मंत्री स्वर्गीय स्नेहपाल सिंह (बाबू जी) की प्रथम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने बाबू जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर भगत सिंह कोश्यारी ने स्वर्गीय स्नेहपाल सिंह के सामाजिक एवं शैक्षिक योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि बाबू जी ने अपना संपूर्ण जीवन समाजसेवा, शिक्षा के प्रसार और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए समर्पित कर दिया था। उन्होंने शिक्षा से वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षित करने तथा समाज के अंतिम छोर तक शिक्षा की अलख जगाने के लिए उल्लेखनीय कार्य किए।

स्वर्गीय स्नेहपाल सिंह का व्यक्तित्व सेवा, सादगी, आत्मीयता और समर्पण का अद्भुत उदाहरण था। वे समाज के प्रत्येक परिवार को अपना परिवार मानते थे और लोगों के सुख-दुःख में सदैव सहभागी बनकर खड़े रहते थे।
उनका त्यागपूर्ण जीवन, सेवा भावना और समाज के प्रति अटूट प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी बाबू जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
