October 14, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

उत्तराखंड में मौसम फिर बदलेगा करवट, 9 जिलों में बारिश और बर्फबारी की चेतावनी, रहें अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट बदल रहा है. मौसम विभाग ने आज कई जिलों में बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है.

देहरादून: एक बार फिर उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है. देहरादून मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में गरज और चमक के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है. साथ ही प्रदेश के 3800 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी का अंदेशा जताया गया है. वहीं देहरादून में आज आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे.

देहरादून मौसम विभाग ने मौसम पूर्वानुमान जारी किया है. विभाग विभाग के मुताबिक देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं हल्की बारिश, बर्फबारी और गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने का अंदेशा जताया गया है. प्रदेश के पहाड़ी जनपदों में 3800 मीटर और इससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की आशंका जताई गई है. जबकि उत्तराखंड के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है.

पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया. देहरादून में आज आसमान साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. शाम के समय कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है. देहरादून में अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने आज मौसम को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, इसके बाद भी लोगों को सतर्क रहने की अपील की है.

प्रदेश में बर्फबारी का दौर जारी: बीते दिनों उत्तराखंड के चमोली जिले में मौसम ने करवट बदली. जिले में स्थित सिखों के प्रसिद्ध और पवित्र तीर्थस्थल हेमकुंड साहिब में रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी देखने को मिली. बारिश और बर्फबारी के कारण चारों तरफ कुदरत का अनोखा नजारा देखने को मिला. वहीं कपाट बंद होने के ठीक पहले हुई इस बर्फबारी से पूरा गुरुद्वारा परिसर, लक्ष्मण मंदिर और आसपास की ऊंची वादियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई थी. वहीं बर्फबारी के बाद श्रद्धालुओं को चारों ओर बर्फ से ढकी चोटियों का मनमोहक दृश्य देखने को मिला. हेमकुंड साहिब में बर्फबारी का नजारा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा. वहीं बर्फबारी से निचले इलाकों में ठंड में इजाफा हो गया है.

Share this post