रायपुर विधानसभा को मिलेगी 40 बीघा में विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ की सौगात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे भव्य लोकार्पण, विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ भी रहेंगे मौजूद
देहरादून। रायपुर विधानसभा क्षेत्र के मियांवाला में करीब 40 बीघा क्षेत्रफल में विकसित भव्य ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा।

लोकार्पण कार्यक्रम में रायपुर विधानसभा के विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ भी उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। ‘जल सृष्टि पार्क’ के लोकार्पण के साथ रायपुर विधानसभा क्षेत्र को मनोरंजन, प्रकृति एवं जनसुविधाओं से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सौगात मिलने जा रही है। कार्यक्रम में क्षेत्र की मातृशक्ति, युवा, वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीण क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया गया है।

कार्यक्रम का विवरण:
दिनांक: 18 सितंबर 2026, शुक्रवार
🕓 समय: सायं 4:00 बजे
📍 स्थान: जल सृष्टि पार्क, मियांवाला, देहरादून
क्षेत्रवासियों के लिए बसों की व्यवस्था
कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए विभिन्न वार्डों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बस व्यवस्था भी की गई है। बसें संबंधित वार्डों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में दोपहर 3:00 बजे तक पहुंचेंगी और लगभग 3:30 बजे मियांवाला के लिए रवाना होंगी। आयोजकों ने सभी से समय का विशेष ध्यान रखने की अपील की है।

विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने क्षेत्रवासियों से इस महत्वपूर्ण अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने तथा रायपुर विधानसभा के विकास की इस नई सौगात के साक्षी बनने का आह्वान किया है।
