द्रोण वाटिका में भक्तिमय हुआ वातावरण, विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने श्रीकृष्ण की महिमा और गीता के संदेश पर डाला प्रकाश
देहरादून। द्रोण वाटिका कॉलोनी में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन समारोह में रायपुर विधायक श्री उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने बतौर मुख्य अतिथि सम्मिलित होकर भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना और पूरा वातावरण ‘जय श्री कृष्ण’ के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन चरित्र, उनके आदर्शों एवं श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य संदेश पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें सत्य, धर्म, कर्तव्य, कर्म और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि गीता का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है, जितना द्वापर युग में था। श्रीकृष्ण ने मानव समाज को निष्काम कर्म का संदेश देते हुए सिखाया कि व्यक्ति को फल की चिंता किए बिना अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए।

विधायक ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अधर्म के विरुद्ध धर्म की स्थापना का संदेश दिया और उनका जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि सत्य और धर्म की राह पर चलते हुए हर चुनौती का सामना साहस एवं धैर्य के साथ करना चाहिए।

इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों एवं समस्त श्रद्धालुओं को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं और भगवान श्रीकृष्ण से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, प्रेम एवं खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।
