August 25, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

रक्षाबंधन कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ राखी बंधवाकर मिले अपार स्नेह से हुए भावुक,कहा बहिनों,राखी की लाज तुम्हारा ये भैया निभायेगा

देहरादून। रायपुर विधानसभा के रायपुर मंडल द्वारा आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की आत्मीयता और अपनत्व का भाव देखने को मिला।

कार्यक्रम में रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने क्षेत्र की माताओं एवं बहनों के बीच पहुंचकर उनसे स्नेहपूर्वक राखी बंधवाई और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।राखी बंधवाते समय मिले अपार स्नेह से रायपुर विधायक कई बार भावुक भी नजर आये,कहा मेरी बहिनों तुम्हारी राखी की लाज तुम्हारा ये भैया निभायेगा।


रायपुर विधायक को राखी बांधने के लिए माताओं एवं बहनों में विशेष उत्साह और उमंग दिखाई दी। बहनों ने विधायक की कलाई पर राखी बांधकर उनके दीर्घायु एवं सुखद जीवन की कामना की। विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने भी सभी माताओं एवं बहनों का स्नेहपूर्वक अभिवादन करते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।


इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास, सम्मान और सुरक्षा का पावन पर्व है। राखी का यह धागा केवल एक रिश्ते को नहीं बांधता, बल्कि परिवार और समाज में प्रेम, जिम्मेदारी और आत्मीयता के भाव को मजबूत करता है।


उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों का स्नेह एवं आशीर्वाद उनके लिए सदैव शक्ति और प्रेरणा का स्रोत रहा है। रायपुर विधानसभा की माताओं-बहनों से मिला यह अपनत्व उनके लिए किसी अमूल्य आशीर्वाद से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की जनता के विश्वास और उम्मीदों पर खरा उतरना उनका निरंतर प्रयास रहेगा।


विधायक ने कहा कि भारतीय परंपरा में नारी शक्ति को सदैव सम्मान और गौरवपूर्ण स्थान प्राप्त रहा है। रक्षाबंधन का पर्व हमें बहनों के सम्मान, सुरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी का स्मरण कराता है। यह पर्व समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द को बढ़ाने का भी संदेश देता है।


उन्होंने रायपुर विधानसभा की समस्त माताओं एवं बहनों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका स्नेह और आशीर्वाद ही जनसेवा की राह पर आगे बढ़ने की सबसे बड़ी प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि रायपुर विधानसभा के विकास और क्षेत्रवासियों की सेवा के लिए वह निरंतर समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।


कार्यक्रम में रायपुर मंडल के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्र की माताएं और बहनें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम आत्मीयता, उत्साह और भाई-बहन के पवित्र प्रेम के भावों के साथ संपन्न हुआ।