भारी बारिश और आंधी-तूफान भी नहीं रोक पाए जनसेवा के बढ़ते कदम, रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने बहाल कराई बिजली व्यवस्था
भिलंग क्षेत्र में बह गए थे कई विद्युत पोल, 10 नए पोल लगाकर विद्युत आपूर्ति हुई सुचारू; मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और विद्युत विभाग का जताया आभार

लगातार हो रही भारी वर्षा और आंधी-तूफान के बीच भी रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ जनसेवा के लिए लगातार सक्रिय हैं। प्राकृतिक आपदा के कारण सोडा क्षेत्र के अंतर्गत अखंड वाली भिलंग क्षेत्र में कई विद्युत पोल बह जाने से बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त पोलों को हटाया और उनकी जगह 10 नए विद्युत पोल स्थापित कर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति पुनः सुचारू कर दी।

रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’ ने इस त्वरित राहत कार्य के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान तथा उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अधिकारियों और कर्मचारियों की तत्परता तथा समर्पण जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
विधायक ने कहा कि रायपुर विधानसभा के प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी आपदा की स्थिति में राहत कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
