July 21, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

स्व. सेवा सिंह मथारू स्मृति टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ, पत्रकारों के स्वास्थ्य पर दिया गया जोर

देहरादून। उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित स्वर्गीय सेवा सिंह मथारू स्मृति टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह पंवार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि टेबल टेनिस जैसे खेलों का आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
धीरेन्द्र सिंह पंवार ने कहा कि पत्रकारों का जीवन बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। सुबह से देर रात तक खबरों के पीछे दौड़ना, हर घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए रखना और समाज तक सही एवं सटीक जानकारी पहुंचाने की जिम्मेदारी निभाना आसान नहीं है। ऐसे में पत्रकारों के लिए अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी अत्यंत आवश्यक है।


उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज को सही दिशा देने के साथ-साथ जनता की आवाज बनने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। इसलिए पत्रकारों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना उतना ही जरूरी है, जितना कि अच्छी पत्रकारिता करना।
मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ने देहरादून प्रेस क्लब की इस पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में क्रिकेट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, शतरंज, दौड़ समेत अन्य खेल प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर भी बल दिया, ताकि अधिक से अधिक पत्रकार इसमें भागीदारी कर सकें और स्वस्थ जीवन के प्रति प्रेरित हों।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा है, लेकिन सबसे बड़ी जीत स्वस्थ रहना, आपसी सौहार्द बनाए रखना और सकारात्मक ऊर्जा के साथ अपने पेशे को आगे बढ़ाना है।
इस अवसर पर उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, मनीष डांगवाल, सोहन सिंह गुसाईं, स्व. सेवा सिंह मथारू की धर्मपत्नी सतवंत कौर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।