भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने काशीपुर में प्रकोष्ठ कार्यशाला को किया संबोधित, संगठन सशक्तीकरण पर दिया जोर
काशीपुर। राज्यसभा सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने आज संगठनात्मक जिला काशीपुर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रदेश एवं जिला प्रकोष्ठों की कार्यशाला को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और प्रकोष्ठों की सक्रिय भूमिका पर विस्तार से अपने विचार रखे।

कार्यशाला के दौरान संगठनात्मक विषयों, जनसंपर्क को प्रभावी बनाने, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने तथा विभिन्न प्रकोष्ठों की जिम्मेदारियों और कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट ने कहा कि भाजपा के विभिन्न प्रकोष्ठ संगठन की कार्यशैली को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा और सेवा भाव के साथ जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने तथा सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में प्रदेश एवं जिला पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजक एवं सह-संयोजक तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
