October 29, 2026

Hind Savera News Portal

Just another WordPress site

बीजेपी कांग्रेस रूपी चक्की में पिस रही राज्य की जनता,हमारी सरकार बनते ही हर परिवार को हर माह 300यूनिट बिजली फ्री देंगे-केजरीवाल

बीजेपी कांग्रेस रूपी चक्की में पिस रही राज्य की जनता,हमारी सरकार बनते ही हर परिवार को हर माह 300यूनिट बिजली फ्री देंगे-केजरीवाल
—————————————————————————–
देवभूमि उत्तराखंड की भोली भाली जनता बीजेपी कांग्रेस रूपी चक्की में पिस रही है,हमारी सरकार आते ही हर परिवार को हर माह 300 यूनिट बिजली फ्री देंगे।ये कहना है दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का,जो उन्होंने उत्तराखंड की अस्थाई राजधानी देहरादून में पत्रकारों से कही।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपने एक दिन के दौरे पर राजधानी देहरादून पहुंचे , सुबह 10.30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हजारों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं का अभिवादन के बाद सीएम केजरीवाल सीधे देहरादून को निकले जहां एक निजी होटल में उन्होंने आप पदाधिकारियों से मुलाकात की और उनसे उत्तराखंड के हालातों पर चर्चा की। इसके बाद सीएम केजरीवाल ने एक पत्रकार वार्ता को संबोधित किया जहां उन्होंने उत्तराखंड की जनता को बिजली को लेकर कई बड़ी घोषणाएं की।

सीएम केजरीवाल ने उत्तराखंड में आप की सरकार बनते ही सबसे पहले हर परिवार को 300 यूनिट बिजली हर परिवार को प्रतिमाह फ्री ,पुराने सभी गलत बिलों को माफ करने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने किसानों को मुफ्त बिजली और 24 घंटे बिजली देने की गारंटी दी। अरविंद केजरीवाल ने कहा,सरकार बनते ही सबसे पहले 300 यूनिट बिजली हर परिवार को प्रतिमाह मुफ्त मिलेगी जिसकी वो गारंटी आज देते हैं।

इसके अलावा अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। केजरीवाल ने कहा, बीजेपी और कांग्रेस वो चक्की हैं ,जिनके बीच में उत्तराखंड की जनता पिस रही है। उन्होंने कहा कि, पिछले 20 सालों से ये दोनों ही दल उत्तराखंड को बारी बारी से लूटते आए हैं,इन दोनों ही दलों की बारी-बारी से लूट की सेटिंग है।

उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, उत्तराखंड बीजेपी का काम प्रदेश के विकास की बजाए सिर्फ मुख्यमंत्री बदलने का है ,इस सरकार में तीन मुख्यमंत्री बन चुके हैं और 70 साल के भारत के इतिहास में ऐसा नहीं हुआ कि कोई पार्टी खुद कहे कि उसका सीएम खराब है। बीजेपी में सीएम की लड़ाई चल रही। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि, विपक्षी पार्टी के पास नेता प्रतिपक्ष ही नहीं हैं। पिछले एक महीने से कांग्रेसी नेता दिल्ली में डेरा डाले हुए हैं उन्हें भी जनता की कोई चिंता नहीं है। आज महंगाई ने आम आदमी की कमरतोड़ दी है और उत्तराखंड बिजली बनाता है लेकिन आम आदमी को राहत देने की बजाय बीजेपी-कांग्रेस सत्ता की लड़ाई में उलझे हैं।

अरविंद केजरीवाल ने ऊर्जा मंत्री हरक सिंह रावत के सौ यूनिट फ्री बिजली की घोषणा को चुनावी जुमला करार दिया और कहा कि एक तरफ ऊर्जा मंत्री बिजली फ्री देने की घोषणा कर रहे हैं तो दूसरी ओर खुद मुख्यमंत्री धामी ने 24 घंटे में कह दिया कि ऐसा कोई प्रस्ताव अभी नहीं है।

अरविंद केजरीवाल ने इस दौरान उत्तराखंड के लिए पहली बडी गारंटी दी । उन्होंने कहा कि, उनकी पहली गारंटी में दिल्ली की तर्ज पर उत्तराखंड में सरकार बनते ही 300 यूनिट बिजली,प्रतिमाह,हर घर को फ्री देंगे इसके अलावा पुराने गलत बिलों को माफ किया जाएगा, 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के साथ ,किसानों को खेती की बिजली फ्री दी जाएगी।अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि वे जल्द ही फिर से उत्तराखंड आते रहेंगे और आप सरकार बनने पर दी जाने वाली एक-एक गारंटी की घोषणा करेंगे,आज उन्होंने पहली गारंटी की घोषणा की जो पूरी तरह बढ़ती मंहगाई के बीच महिलाओं को राहत देने पर केंद्रित रही।

अरविंद केजरीवाल ने बताया कि, उत्तराखंड में फ्री बिजली देने पर 1200 करोड़ सालाना खर्च आएगा ,जो यहीं के बजट से निकाला जाएगा,उत्तराखंड का सालाना बजट 50 हजार करोड है और प्रदेश में चोरी और भ्रष्टाचार रोककर इस बजट को तैयार किया जाएगा। वहीं दिल्ली का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली में 60 हजार करोड़ के बजट में 2200 करोड़ की बिजली सब्सिडी आप सरकार दे रही है।

 

दिल्ली में उत्तराखंड के बहुत लोग रहते हैं हर परिवार से कोई न कोई दिल्ली से जुड़ा है। वो जानते हैं दिल्ली में स्कूल,अस्पताल बेहतर हुए,कई विकास के काम हुए । जो काम 70 साल में देश के कोई भी पार्टी नहीं कर पाई वो दिल्ली में आप ने किया। उत्तराखंड के लोग भी अब चाहते है कि यहां दिल्ली की तरह विकास हो इसलिए वो उत्तराखंड में आप को लाने का मन बना चुके हैं।उत्तराखंड में अस्पताल भी अच्छे बनाएंगे,बिजली फ्री देंगे,स्कूल अच्छे करेंगे ,खेती कानून व्यवस्था भी बेहतर बनाएंगे। अरविंद केजरीवाल ने उत्तराखंड की जनता को भरोसा दिलाया और कहा आज बिजली की गारंटी देता हूं और केजरीवाल जो कहता वो करता है। इसलिए उत्तराखंड को ये सौगात आज अरविंद केजरीवाल ने दी।

उन्होंने जनता और अन्य संगठनों से जुडे लोगों से भी आप पार्टी में जुड़ने का आग्रह किया और कहा अच्छी सोच वाले हर व्यक्ति का आप पार्टी में पूरा स्वागत है।

Share this post